नजरिया न्यूज़ जोगबनी/अररिया।
गर्मियों में ट्रेनों में भीड़ से जूझ रहे प्रवासी मजदूरों को बड़ी राहत देते हुए रेलवे ने आनंद विहार टर्मिनल से जोगबनी के लिए समर स्पेशल ट्रेन चलाने की घोषणा की है। यह ट्रेन विशेष रूप से बिहार और आसपास के क्षेत्रों में काम करने वाले प्रवासी यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर चलाई जा रही है।
रेलवे बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 04074/04073 आनंद विहार-जोगबनी समर स्पेशल ट्रेन कुल आठ फेरों में संचालित होगी। आनंद विहार टर्मिनल से ट्रेन संख्या 04074 हर शुक्रवार को 23 मई से 11 जुलाई तक साप्ताहिक रूप से रात 11:55 बजे रवाना होगी। वहीं, जोगबनी से वापसी की ट्रेन संख्या 04073 हर रविवार को 25 मई से 13 जुलाई तक सुबह 9:30 बजे चलेगी।
इस ट्रेन में केवल सामान्य श्रेणी के 20 कोच लगाए गए हैं, जिससे अधिक संख्या में यात्रियों को सफर करने की सुविधा मिलेगी। सामान्य श्रेणी की ट्रेन होने के कारण टिकट भी किफायती होंगे, जिससे मजदूर वर्ग को सीधा लाभ मिलेगा।
गौरतलब है कि गर्मी के मौसम में पूर्वी भारत लौटने वाले प्रवासियों को टिकट नहीं मिलने या लंबी वेटिंग की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह समर स्पेशल ट्रेन उनके लिए एक बड़ी राहत बनकर सामने आई है। रेलवे का यह कदम न केवल यात्रियों को सुविधाजनक यात्रा प्रदान करेगा, बल्कि ट्रेनों में अनावश्यक भीड़ को भी कम करेगा।





















